- झारखंड से आई थी सप्लाई, 50 चाकू जब्त जबलपुर, (ईएमएस)। क्राईम ब्रांच और माढ़ोताल पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर मदर टेरेसा नगर में किराए के मकान में रहकर चायना चाकू की सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर 50 चायना चाकू व मोबाइल जब्त किया है| आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि झारखंड से चाकू की खेप आई थी, और 200 रुपए प्रति चाकू के हिसाब से वह बेच रहा था| पुलिस कंट्रोलरुम में पत्रकारों से चर्चा के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर क्राईम ब्रांच और माढ़ोताल की संयुक्त टीम ने मदरटेरेसा नगर में संगीता जैन के मकान में किराए से रहने वाले पारस जैन को दबोचा। पूछताछ में पुलिस को पारस जैन ने बताया कि वह मूलत: संग्रामपुर दमोह का निवासी है और 200 रुपए के हिसाब से चाकू बेचता है| ये चाकू उसके रिश्ते के साले झारखंड निवासी अभि उर्फ अभिषेक गुप्ता ने डिब्बे में पैक कर बिक्री के माध्यम से एक व्यक्ति के हाथ भेजे| छापे की कार्रवाई के दौरान जब पुलिस ने तलाशी ली तो पलंग के नीचे कैरी बैग में चाईना चाकू रखे मिले| आरोपी पारस जैन के कब्जे से 50 नग चाईना चाकू तथा एक नारजो कम्पनी का एण्ड्रायड मोबाइल जप्त करते हुये, आरोपी पारस जैन एवं अभिषेक गुप्ता तथा एक अन्य के विरूद्ध थाना माढोताल में धारा 25, 25(3)(आई) आर्म्स एक्ट तथा 49 बीएनएस के तहत कार्यवाही करते हुये अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है। छापे की कार्रवाई थाना प्रभारी माढ़ोताल वीरेन्द्र सिंह पवार, थाना प्रभारी अपराध शैलेष मिश्रा के निर्देशन में क्राईम ब्रांच के उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, सहायक उप निरीक्षक अशोक मिश्रा, प्रशांत सोलंकी, प्रधान आरक्षक अटल जंघेला, रूस्तम अली, आरक्षक विनय सिंह तथा माढ़ोताल के सहायक उप निरीक्षक बेनीराम उइके, विजय शुक्ला, आरक्षक निकेश, सचिन, विनय सिंह, राहुल, कुनाल ने की। सुनील साहू / मोनिका / 17 अप्रैल 2026