पश्चिमी सिंहभूम(ईएमएस)।बढ़ती गर्मी और जनसमस्याओं को लेकर शुक्रवार को नोवामुंडी प्रखंड कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जगन्नाथपुर के विधायक सह सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने की।बैठक में पहुंचने पर विधायक का प्रखंड कार्यालय के मुख्य द्वार पर अंचल अधिकारी मनोज कुमार एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी पप्पू रजक द्वारा पुष्पगुच्छ देकर जोरदार स्वागत किया गया।बैठक के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी पप्पू रजक और अंचल अधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य फोकस क्षेत्र में पेयजल संकट, पेंशन वितरण, आवास योजनाओं की प्रगति और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर रहा। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि भीषण गर्मी में आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं।उन्होंने नोवामुंडी ओवरब्रिज पर पिछले एक महीने से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द से जल्द ठीक कराने का निर्देश दिया। साथ ही फाटक से थाना तक, ओवरब्रिज के नीचे सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, कुमार टोली से उड़िया तालाब जाने वाले मुख्य मार्ग तथा बाजार से आजाद बस्ती जाने वाले पुराने काशी गली मार्ग में सफाई और जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान पर भी जोर दिया।बैठक में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मंजीत प्रधान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मामूर कासमी, वरिष्ठ नेता रघुनाथ राउत, मुखिया जेना पूर्ति, प्रदीप प्रधान, सूरज चाम्पिया, पंचायत समिति सदस्य दिव्या जेराई सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।बैठक के बाद विधायक ने ब्लॉक परिसर में चल रहे बाल विकास परियोजना कार्यालय का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने प्रभारी सीडीपीओ श्रीमती देवी और आंगनबाड़ी सेविकाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। विधायक के आगमन से आंगनबाड़ी सेविकाओं में उत्साह देखा गया। कर्मवीर सिंह/17अप्रैल/26