-ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगी मजबूती ढाका,(ईएमएस)। ऊर्जा संकट से जूझ रहे बांग्लादेश ने अपने ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए इस वर्ष परमाणु ऊर्जा को राष्ट्रीय ग्रिड से जोड़ने की तैयारी तेज कर दी है। सरकार को उम्मीद है कि रूपपुर परमाणु ऊर्जा संयंत्र की पहली यूनिट से जल्द ही बिजली उत्पादन शुरू हो जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, ईश्वरदी उपजिला में स्थित इस महत्वाकांक्षी परियोजना की यूनिट-1 में ईंधन भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। बांग्लादेश परमाणु ऊर्जा नियामक प्राधिकरण (बीरा) ने इसके लिए कमीशनिंग लाइसेंस जारी कर दिया है, जिससे संयंत्र के संचालन की दिशा में औपचारिक शुरुआत हो गई है। बीरा के अध्यक्ष महमूदुल हसन ने यह लाइसेंस बांग्लादेश परमाणु ऊर्जा आयोग के प्रमुख एम. मोइनुल इस्लाम को सौंपा। यह मंजूरी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा और तकनीकी मानकों की विस्तृत समीक्षा के बाद दी गई है। योजना के अनुसार, ईंधन भरने की प्रक्रिया शुरू होने के लगभग तीन महीने के भीतर यूनिट-1 से बिजली उत्पादन शुरू कर इसे राष्ट्रीय ग्रिड से जोड़ा जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से परीक्षण और क्षमता विस्तार किया जाएगा, ताकि वर्ष के अंत तक पूर्ण क्षमता से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। सरकार का मानना है कि यह परियोजना देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ टिकाऊ और स्थिर बिजली आपूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। खासतौर पर पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में यह पहल बांग्लादेश को दीर्घकालिक ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाएगी और भविष्य में बिजली संकट की आशंकाओं को कम करने में मददगार साबित हो सकती है। हिदायत/ईएमएस 17अप्रैल्26