सिमडेगा(ईएमएस)।कुरडेग थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौवंशीय पशु तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया।इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।मिली जानकारी के अनुसार, कुरडेग थाना कांड संख्या-21/2026, दिनांक 16 अप्रैल के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी सह पुअनि विनय कुमार के स्वलिखित बयान के आधार पर यह कार्रवाई की गई. पुलिस को 15 अप्रैल की देर रात करीब 1.30 बजे गुप्त सूचना मिली कि रेंगारबहार गांव के पास कुछ तस्कर पिकअप वैन के माध्यम से गौवंशीय पशुओं को कुरडेग-सिमडेगा मुख्य मार्ग होते हुए गुमला ले जा रहे हैं।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही तस्कर पशुओं को छोड़कर भागने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए।जंगल क्षेत्र होने के कारण छोड़े गए पशु भी जंगल की ओर भाग गए, जिससे उनका पता नहीं चल सका। डीएसपी रनवीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो0 आयुब (30 वर्ष) निवासी रहमत नगर टंगराटोली थाना सिसई, मो0 शहबाज अंसारी (23 वर्ष) निवासी करकरी ईदगाह मुहल्ला थाना सिसई, तथा केशवो यादव (44 वर्ष) निवासी लिटीमारा खास थाना कुरडेग के रूप में हुई है।पूछताछ में सभी ने पशुओं की खरीद-बिक्री से जुड़े होने की बात स्वीकार की है. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।इस छापामारी अभियान में थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में गश्ती दल के सशस्त्र बल शामिल थे। कर्मवीर सिंह/17अप्रैल/26