क्षेत्रीय
17-Apr-2026
...


- बजट सत्र की बैठक : पक्ष विपक्ष ने रखे महत्वपूर्ण सुझाव जबलपुर, (ईएमएस)। नगर निगम के पंडित भवानी प्रसाद तिवारी सभा कक्ष में आयोजित बजट सत्र की तीसरे दिन की बैठक में शुक्रवार को कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर पार्षदों ने चर्चा की। बैठक में स्वास्थ्य, जल आपूर्ति, साफ-सफाई, भ्रष्टाचार एवं शिक्षा जैसे सामाजिक मुद्दों पर जोरदार बहस देखने को मिली। वरिष्ठ पार्षद कमलेश अग्रवाल ने शहर में पुनः आयुर्वेदिक औषधालय खोलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने महापौर जगत बहादुर अन्नू से कहा कि पहले शहर में आयुर्वेदिक औषधालय हुआ करते थे, जिनसे गरीब तबके के लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिलता था। आज इस सुविधा की कमी महसूस की जा रही है और आवश्यक योजना बनाकर कार्य किए जाने की आवश्यकता है। साथ ही उन सरकारी डॉक्टरों का भी जिक्र हुआ जो सेवा के इच्छुक हैं लेकिन उन्हें चिकित्सा केंद्र खोलने की जगह नहीं मिल पा रही है। बैठक के दौरान कुछ मिनटों के लिए बिजली बंद होने के कारण व्यवधान आया, लेकिन नगर निगम सदन में पक्ष-विपक्ष दोनों ओर से उठाए जा रहे मुद्दों पर शांति पूर्वक चर्चा जारी रही। पार्षदों ने कहा कि शहर हित में उठाए गए सभी प्रस्तावों पर संवेदनशीलता से विचार होना चाहिए ताकि जनता को त्वरित समाधान मिल सके। ज़ाकिर हुसैन वार्ड में गंदे पानी की समस्या… बैठक में ज़ाकिर हुसैन वार्ड की पार्षद मुकीमा अंसारी ने अपने वार्ड में गंदे पानी और सीवरेज के पानी के जमाव की गंभीर समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में गंदा पानी खुला बह रहा है, जिससे स्वास्थ्य जोखिम तथा बदबू की समस्या उत्पन्न हो रही है। इस मुद्दे को गंभीर मानते हुए पार्षद ने कहा कि तत्काल नालियों की मरम्मत एवं सीवरेज प्रणाली का नवीनीकरण आवश्यक है ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके। उन्होंने सफाई, गंदा पानी, बिजली, शिक्षा के साथ अव्यवस्थित रुप से फैले मटन मार्केट, दमोहनाका से अधारताल के बीच फायर सब स्टेशन, ब्यौहारबाग ट्राफिक सिंग्नल, महिला गार्डन अतिक्रमण के मुद्दों को बिन्दुवार सुझाव दिए| सफाई और भ्रष्टाचार का आरोप...... महात्मा गांधी वार्ड के पार्षद हर्षित ने बैठक में नगर निगम के सफाई भ्रस्टाचार तथा प्रभारी अधिकारियों की कार्यप्रणाली को कठोर आलोचना की। हर्षित ने कहा कि सफाई के नाम पर घोटाले को लेकर कई पार्षद शिकायत कर रहे हैं, लेकिन नियमित कार्रवाई नहीं हो रही है। वार्ड में कूड़ा न उठने, सफाई कर्मियों की कमी और समयबद्ध सेवा न मिलने जैसे मामलों पर उन्होंने पुरजोर शब्दों में निंदा की। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहन नहीं पहुंचने पर भी सवाल उठाए| विद्यालयों की स्थिति पर सवाल…. हर्षित ने नगर निगम द्वारा संचालित शालाओं (स्कूलों) की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है कूड़ा, पानी, शौचालय और साफ-सफाई जैसे जरूरी पहलुओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। पार्षद ने कहा कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इन स्कूलों को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। हनुमानताल वार्ड की पार्षद कविता रैकवार ने महापौर का धन्यवाद ज्ञापित किया कि चर्चित हनुमानताल तालाब की सफाई व व्यवस्था हेतु 2 करोड़ रुपये अनुमोदित किए गए हैं। इससे तालाब साफ सुथरा होगा और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। सुनील साहू / शहबाज / 17 अप्रैल 2026