क्षेत्रीय
17-Apr-2026
...


- पति-बच्चा घायल, ग्रामीणों का चक्काजाम रायगढ़(ईएमएस)। जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम सिंघनपुर के पास कोयला लोड ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, ट्रेलर (क्रमांक CG-13-AD-2483) के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी सवार उमा राठिया को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में मृतका के पति टीकाराम राठिया और उनका बच्चा भी घायल हो गए, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उमा राठिया आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं और अपने पति व बच्चे के साथ स्कूटी से अपने गांव सिंघनपुर लौट रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोग आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही भूपदेवपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई है और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)17 अप्रैल 2026