राज्य
17-Apr-2026


भोपाल (ईएमएस)। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में रेल सुरक्षा बल (रेसुबल) द्वारा यात्री गाड़ियों एवं रेलवे स्टेशनों पर अनाधिकृत रूप से खाद्य एवं पेय सामग्री विक्रय करने वालों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। रेसुबल द्वारा गाड़ियों में अनाधिकृत रूप से संचालित साइड पेंट्रीकार तथा पेंट्रीकार की आड़ में कार्य कर रहे अवैध वेंडरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। अवैध वेंडिंग की रोकथाम हेतु विशेष टीमों का गठन किया गया है तथा आउटर क्षेत्रों में बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। साथ ही, यात्री गाड़ियों में अनुरक्षण दल की तैनाती की गई है। रेसुबल द्वारा रेल अधिनियम की धारा 144 के अंतर्गत की गई कार्रवाई के अंतर्गत वर्ष 2024 में कुल 7,267 प्रकरण दर्ज कर रू 98,50,291/- का अर्थदंड वसूला गया। वर्ष 2025 में 9,995 प्रकरण दर्ज कर रू1,37,12,990/- की वसूली की गई। वहीं वर्ष 2026 में दिनांक 16.04.2026 तक 2,433 प्रकरण दर्ज कर रू 29,08,980/- अर्थदंड के रूप में वसूले गए हैं। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में 37 वृद्धि तथा वर्ष 2025 की समान अवधि की तुलना में वर्ष 2026 में 25 वृद्धि दर्ज की गई है। इटारसी स्टेशन, जो चारों दिशाओं—खंडवा, भोपाल, नागपुर एवं जबलपुर—से आने-जाने वाली लगभग 150 यात्री गाड़ियों का प्रमुख जंक्शन है, पर भी रेसुबल द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इटारसी में वर्ष 2024 में 3,157, वर्ष 2025 में 5,412 तथा वर्ष 2026 में मार्च तक 1,385 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके परिणामस्वरूप वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में 71 वृद्धि तथा वर्ष 2025 की समान अवधि की तुलना में वर्ष 2026 में 81 वृद्धि दर्ज की गई है। इसी प्रकार साइड पेंट्रीकार एवं पेंट्रीकार की आड़ में संचालित अवैध वेंडिंग के विरुद्ध वर्ष 2025 में 1,012 प्रकरण तथा वर्ष 2026 में मार्च तक 70 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त किन्नरों द्वारा की जा रही अनधिकृत गतिविधियों के विरुद्ध वर्ष 2025 में 849 तथा वर्ष 2026 में मार्च तक 216 प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की गई है। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि आरपीएफ द्वारा आधुनिक तकनीकी साधनों जैसे ड्रोन, सीसीटीवी एवं बॉडी-वॉर्न कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखते हुए तथा वाणिज्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अवैध हॉकर एवं वेंडरों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है। आशीष पाराशर, 17 अप्रैल, 2026