17-Apr-2026
...


- 41 लाख की रकम हड़पी, फिर दिया चोरी का रुप देने का प्रयास - 4 आरोपी गिरफ्तार, 33 लाख की रकम बरामद भोपाल(ईएमएस)। देहात इलाके की थाना ईटखेड़ी पुलिस ने सहकारी समिति रायपुर गबन कांड का राजफाश करते हुए 4 आरोपियो को गिरफ्तार कर 33 लाख से अधिक की रकम बरामद की है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती 2 अप्रैल को फरियादी रामचरण सिलावट, प्रशासक, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित रायपुर द्वारा थाना ईटखेड़ी में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में बताया गया की 26 एवं 27 मार्च 2026 को किसानों से 41 लाख 94 हजार की लोन वसूली की रकम समिति कर्मचारियों द्वारा वसूल की गई। नियमानुसार इस रकम को जमा न कर आरोपियो द्वारा गबन कर हड़प लिया गया और बाद में घटना को चोरी का रूप देने का प्रयास किया गया। शिकायत के आधार पर मामला कायम कर पुलिस ने आगे की कार्यवाही शुरु की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के खंगाले। तकनीकी सुरागो के साथ ही मुखबिरो से भी जानकारी हासिल की गई। सुरागो के आधार पर पुलिस ने संदेही आरोपी नरेश नागर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों शिवदयाल नागर, अमन नागर एवं अजय नागर के साथ मिलकर गबन करना स्वीकार किया। आगे की पूछताछ में रोपियों ने गबन की रकम को ग्राम हर्राखेड़ा स्थित एक दुकान में जमीन के नीचे दबाकर छिपाना बताया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन में दबाई गई लोहे की पेटी से 33 लाख,46 हजार, 430 की नगदी बरामद कर ली। सभी आरोपी ग्राम हिनोतिया,हिनोती सड़क, थाना गुनगा के रहने वाले है। आगे की पूछताछ के लिये पुलिस ने चारों गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है, साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे है। जुनेद / 17 अप्रैल