इन्दौर (ईएमएस) एक सनसनीखेज मामले में चोर अमूल क्रीम से भरे कंटेनर को लेकर ही भाग खड़ा हुआ। ड्राइवर की सूचना पर एक्शन मोड में आई पुलिस ने पीछा कर कंटेनर को पकड़ चोर को गिरफ्तार कर लिया। मामला किशनगंज थाना क्षेत्र का है जहां अमूल क्रीम से भरे कंटेनर का चालक चाय-नाश्ता करने एक रेस्टोरेंट पर रुका था इस दौरान जैसे ही उसका ध्यान भटका तो कंटेनर को एक चोर चुरा ले गया। ड्राइवर ने पुलिस को इसकी सूचना दी तो पुलिस ने कंटेनर का पीछा कर शिप्रा क्षेत्र से पकड़ा। बताया जा रहा है जिसमें कंटेनर के ड्राइवर ने चाबी कंटेनर में ही छोड़ने की गलती कर दी थी जिसका फायदा चोर ने उठाया। किशनगंज थाना प्रभारी अमित कुमार के अनुसार थाने में कंटेनर ड्राइवर राजेशकुमार बिंद निवासी जिला मिर्जापुर ने सूचना दी थी कि एबी रोड स्थित सोनवाय टोल नाके के पास उसने कंटेनर खड़ा किया और उसमें चाबी लगी भूलकर चाय-नाश्ते की दुकान पर चल गया। वापस आकर देखा तो कंटेनर नहीं था। उसमें 27 लाख से अधिक कीमत की अमूल फ्रेश क्रीम भरी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने टीम के साथ आरोपी का पीछा किया और शिप्रा इलाके में कंटेनर को देखा और रफ्तार से गाड़ी दौड़ाते हुए कंटेनर के आगे गाड़ी लगा उसे रोक लिया। मौके पर कंटेनर चुराने वाले रामबाबू रघुवंशी निवासी बहादुरपुर जिला अशोक नगर को गिरफ्तार कर चोरी का माल जब्त कर चोर से पूछताछ की जा रही है। आनंद पुरोहित/ 17 अप्रैल 2026