\नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली से अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को जाने वाली एक उड़ान में यात्री के तौर पर सफर करने वाले एअर इंडिया के एक पायलट के पास कथित तौर पर गांजा (मारिजुआना) बरामद किया गया, जिसके बाद अमेरिकी अधिकारियों ने उसे वापस भेज दिया। विमानन कंपनी के प्रवक्ता ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि हमारे चालक दल के एक सदस्य एक आगामी उड़ान के संचालन के लिए 14 अप्रैल को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को पहुंचे थे, जिन्हें स्थानीय कानूनों के अनुसार प्रवेश के लिए अयोग्य पाया गया और वापस भारत भेज दिया गया। सूत्रों के अनुसार, सह-पायलट के पास कथित रूप से मादक पदार्थ गांजा मिला था। एअर इंडिया ने बताया कि इस मामले में आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है और कंपनी की नीतियों के अनुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कंपनी ने कहा कि एअर इंडिया किसी भी कानून के उल्लंघन को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर चलती है और सुरक्षा, अनुपालन तथा पेशेवर आचरण के उच्चतम मानकों को बनाए रखती है। सुबोध/१७ -०४-२०२६