-खुद को बदलने डाइट और एक्सरसाइज से 400 किलो किया वजन कम, सर्जरी ने ली जान न्यूर्याक,(ईएमएस)। दुनिया में कई ऐसे लोग हैं जिनकी शारीरिक बनावट आम लोगों से कुछ अलग है। ऐसी ही अमेरिका की एक महिला थीं जिनका नाम दुनिया की सबसे भारी महिला के तौर पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज था। उनका वजन करीब 544 किलो था। यह वजन इतना ज्यादा था कि वह अपने बिस्तर से हिलने-डुलने में असमर्थ थीं। उस महिला ने संघर्ष कर मौत के मुंह से निकलकर खुद को बदलने की ठानी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रोसैली ब्रैडफोर्ड नाम की महिला का जन्म पेंसिल्वेनिया (अमेरिका) में हुआ था। बचपन में मां के बिछड़ने और सौतेली मां के साथ खराब रिश्तों के कारण वह तनाव में रहने लगीं। इसी तनाव और अकेलेपन को दूर करने के लिए उन्होंने भोजन का सहारा लिया। देखते ही देखते उनकी फूड एडिक्शन यानी खाने की लत इतनी बढ़ गई कि कम उम्र में ही उनका वजन तेजी से बढ़ने लगा। 15 साल की उम्र तक उनका वजन 100 किलो के पार हो चुका था, जो आगे चलकर उनकी सबसे बड़ी मुसीबत बन गया। शादी और एक बच्चे की मां बनने के बाद रोसैली का वजन अनियंत्रित हो गया। एक इंफेक्शन के कारण उन्हें लंबे समय तक बिस्तर पर रहना पड़ा, जिसके बाद वजन बढ़ने की रफ्तार और तेज हो गई1 एक रिपोर्ट के मुताबिक उनका वजन 544 किलो तक पहुंच गया था। उन्हें दुनिया की सबसे भारी महिला के रूप में दर्ज करने के बाद उनकी स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि उन्हें नहलाने के लिए भी कई लोगों की मदद लेनी पड़ती थी और वह सालों तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकल पाईं। जानकारी के मुताबिक उन्हें नहलाने में करीब 2 घंटे का समय लगता था। इतने भारी वजन के साथ जीना रोसैली के लिए नरक जैसा था। उन्होंने एक समय पर आत्महत्या करने की भी कोशिश की थी, लेकिन वह इसमें असफल रहीं। इसके बाद उनकी मुलाकात रिचर्ड सिमंस जैसे फिटनेस विशेषज्ञों से हुई, जिन्होंने उन्हें वजन घटाने के लिए मोटिवेटच किया। रोसैली ने हार नहीं मानी और सख्त डाइट और एक्सरसाइज के जरिए करीब 400 किलो से ज्यादा वजन कम किया। यह वजन घटाना भी अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड बन गया। आंकड़ों के मुताबिक उनकी यह जर्नी दुनिया भर के मोटे लोगों के लिए एक इंस्पिरेशन थी। भले ही रोसैली ने भारी वजन कम कर लिया था, लेकिन उनके शरीर पर लटकी अतिरिक्त त्वचा को हटाने के लिए कई सर्जरी की जरूरत थी। साल 2006 में ऐसी ही एक सर्जरी के दौरान पैदा हुई समस्याओं के कारण 63 वर्ष की उम्र में उनकी मौत हो गई। सिराज/ईएमएस 18 अप्रैल 2026