कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सिविल लाइन रामपुर पुलिस द्वारा सतत पेट्रोलिंग एवं निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में 16 अप्रैल को रात्रि टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि पोडीबहार मुक्तिधाम तालाब के पास खाली मैदान में कुछ व्यक्ति मोबाइल की रोशनी में 52 पत्ती ताश से “कट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा गवाह भरत उरांव एवं दिव्य साहू को साथ लेकर मौके पर रेड कार्यवाही की गई। पुलिस टीम को देखकर कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, वहीं चार जुआरी को मौके पर जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। मौके से नगदी रकम ₹12,000/-, 52 पत्ती ताश, 05 नग मोटरसाइकिल, 02 नग दरी को जब्त किया गया। उक्त जप्ती कार्यवाही गवाहों के समक्ष विधिवत संपन्न की गई। कथित आरोपियों का कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3 के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने पर वैधानिक कार्यवाही की गयी। - 18 अप्रैल / मित्तल