क्षेत्रीय
18-Apr-2026
...


बालोद(ईएमएस)। जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम सांकरी में एक वकील के घर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। परिवार के शादी में जाने के दौरान चोरों ने ताला तोड़कर घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी समेत करीब 5 लाख रुपये का सामान चुरा लिया। जानकारी के अनुसार, ग्राम सांकरी वार्ड नंबर 1 में रहने वाले वकील नेमेश्वर प्रसाद सिंह (56 वर्ष) का पूरा परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर पर ताला लगाकर गया हुआ था। रात के समय अज्ञात चोरों ने घर के पीछे से घुसकर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। उन्होंने अलमारी का सामान बिखेरकर सोने-चांदी के गहने और नगदी राशि चुरा ली। अगली सुबह जब वकील और उनका परिवार शादी से लौटे तो दरवाजा टूटा और घर का सामान बिखरा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। तुरंत गिनती करने पर पता चला कि घर से लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी गायब हैं। वकील नेमेश्वर प्रसाद सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए गुंडरदेही थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटा रही है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)18 अप्रैल 2026