- कटघोरा-नवापारा मार्ग पर हुई बड़ी कार्यवाही - 245 किलो अवैध मादक पदार्थ के साथ एक कथित आरोपी गिरफ्तार (कोरबा) जानकारी के अनुसार 1.22 करोड़ का अवैध मादक पदार्थ मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था। मादक पदार्थ के साथ एक राज्य से दूसरे राज्य में आसानी से गुजरने की कोशिश की जा रही थी। लेकिन रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की तत्परता ने उस रास्ते को रोक दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर घेराबंदी कर कार को रोका गया। तब 1 करोड़ 30 लाख का गांजा जांच दौरान पाया गया। एक कथित आरोपी को गिरफ्तार किया गया हैं। थाना रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ जब्त किया है। इस कार्यवाही में 245 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ के साथ एक कथित आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल को मुखबीर सूचना प्राप्त हुई थी कि एक मारुति अर्टिगा कार में अवैध रूप से अवैध मादक पदार्थ कटघोरा की ओर से मरवाही के रास्ते मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की टीम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा नूपुर उपाध्याय को अवगत कराया और उनके निर्देशन में रेड कार्यवाही की गई। टीम ने नेशनल राजमार्ग स्थित नवापारा चौक भेड़ी मुंडा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 245 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त मारुति अर्टिगा कार को भी जब्त किया गया। मामले में पुलिस ने कथित आरोपी निवासी भुतहीटोला, थाना बुढार, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया है। उसके विरुद्ध थाना रतनपुर में नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी रतनपुर प्रशिक्षु भापुसे अंशिका जैन, निरीक्षक अनिल अग्रवाल, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली सहित अन्य पुलिस स्टाफ का विशेष योगदान रहा है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है। 8 अप्रैल / मित्तल