क्षेत्रीय
18-Apr-2026
...


मैहर, (जबलपुर, ईएमएस)। प्रदेश के मैहर जिले में कोतवाली थाना क्षेत्रांतर्गत पटेहरा तालाब में आज शनिवार 18 अप्रैल को तीन बच्चियां स्थानीय तालाब में नहाते समय अचानक गहरे पानी में जाने से डूब गई। इनमें से एक बच्ची के स्थानीय लोगों ने प्रयास कर बचा लिया जबकि एक अन्य लापता है और तीसरी बच्ची की मौत हो गई है। घटना के बाद पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से लापता बच्ची की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि मैहर की बीड़ी कॉलोनी पटेहरा निवासी पूनम चौधरी (उम्र 10 वर्ष) और शालू चौधरी (उम्र 17 वर्ष) सहित तीन बच्चियां तालाब में नहा रही थीं। इसी दौरान अचानक गहराई में जाने से तीनों डूबने लगीं। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव का प्रयास किया, जिसमें एक बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरी बच्ची पूनम चौधरी की तलाश जारी है तो वहीं शालू चौधरी को गंभीर हालत में बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैहर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तीसरी बच्ची की तलाश समाचार ‎लिखे जाने तक जारी है। पुलिस और गोताखोरों की टीम तालाब में सर्च ऑपरेशन चला रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।