क्षेत्रीय
18-Apr-2026
...


- मन्नत पूरी होने की खुशी में जा रहे 5 लोग गंभीर घायल! - रास्ते में पलटी ट्रॉली: निहाल देवी जा रहे श्रद्धालु हादसे का शिकार, महिलाएं-बच्चे घायल गुना (ईएमएस) । जिले के सिरसी क्षेत्र में शनिवार को श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से अफरा-तफरी मच गई। निहाल देवी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे करीब 25 लोगों से भरी ट्रॉली पुतली घाटी के अंधे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में महिलाएं और बच्चे सहित पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार बजरंगगढ़ क्षेत्र के निर्भयगढ़ गांव से एक परिवार अपने परिजनों के साथ मन्नत पूरी होने पर पूजा और भंडारे के लिए निहाल देवी मंदिर जा रहा था। सुबह सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर निकले थे। जैसे ही वाहन पुतली घाटी के खतरनाक मोड़ पर पहुंचा, सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने से ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। घटना में शियूकर बाई (40), ज्योति बाई (24), राहुल (23), कविता (8) और भूरी (5) घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। बताया गया कि ट्रॉली में 8 से 10 बच्चे भी सवार थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा अंधे मोड़ पर अचानक ब्रेक लगाने के कारण हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुतली घाटी का यह मोड़ पहले भी हादसों के लिए बदनाम रहा है, ऐसे में यहां अतिरिक्त सावधानी और सुरक्षा उपायों की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। - सीताराम नाटानी