क्षेत्रीय
19-Apr-2026
...


नासिक (ईएमएस)। महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक युवक के खिलाफ धर्मांतरण के प्रयास और यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। नासिक के पंचवटी पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक तंजीर इनामदार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की सुनवाई के बाद जिला सत्र न्यायालय ने आरोपी को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवती ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर अलग-अलग जगहों पर ले गया। वहां उसे जबरन शराब और सिगरेट पीने के लिए मजबूर किया गया। युवती का आरोप है कि नशे की हालत में उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने उसकी धार्मिक पहचान को निशाना बनाते हुए गले की तुलसी माला और हाथ में बंधा धागा जबरन हटाया और उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। आरोपी ने कथित तौर पर आपत्तिजनक फोटो खींचकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने और परिवार को बदनाम करने की धमकी भी दी। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने अन्य युवतियों को भी इसी तरह फंसाया है। इसके अलावा, एक छात्र होते हुए उसके पास इतने पैसे कहां से आए और क्या उसके कोई साथी हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। वहीं, आरोपी के वकील स्वप्निल जाधव ने अदालत में दलील दी कि दोनों के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे और यह मामला पारिवारिक विरोध के कारण बनाया गया है। उन्होंने कहा कि घटना जनवरी में हुई, लेकिन शिकायत में देरी हुई है और ब्लैकमेलिंग के आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं है। फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। - संतोष झा-१९ अप्रैल/२०२६/ईएमएस