क्षेत्रीय
19-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। नई दिल्ली व मध्य दिल्ली के विभिन्न इलाकों में दूषित पानी की आपूर्ति से स्थानीय निवासी काफी परेशान हैं। पंचकुइयां रोड स्थित डबल स्टोरी क्वार्टर और किशनगंज स्थित स्वामी दयानंद कालोनी में पानी आपूर्ति की स्थिति एक सी है। दोनों इलाकों में करीब 15 दिन से नलों में काला और कीचड़युक्त पानी आ रहा है। दूषित पानी के कारण कालोनी में त्वचा और पेट संबंधी संक्रमण फैलने का डर बना हुआ है। स्वामी दयानंद कालोनी की स्थानीय निवासी कृष्णा मित्रा ने बताया कि नल से आने वाला पानी इतना बदबूदार और दूषित है कि इसे पीने की बात तो छोड़िए, घर के दैनिक कार्यों (नहाने-धोने) में भी उपयोग करना मुश्किल है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के चलते लोग टैंकर वाला पानी खरीदकर काम करने को मजबूर है। आलम यह है कि लोग गर्मी शुरू होने के साथ ही पानी के लिए भटक रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने इस गंभीर समस्या को लेकर दिल्ली सरकार, दिल्ली जल बोर्ड, एमसीडी और सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को पत्र लिखकर शिकायत की है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। वहीं, आरडब्ल्यूए फेडरेशन के अध्यक्ष प्रीतम धारीवाल ने बताया कि पंचकुइयां रोड स्थित डबल स्टोरी क्वार्टर में कुल 750 परिवार रहते हैं। जो जल संकट की समस्या से जूझ रहे हैं। इसका मुख्य कारण सीवर और पानी की लगभग 95 साल पुरानी पाइप लाइनें है। जो जर्जर हो चुकी हो चुकी है। इस कारण सीवर का दूषित पानी घरों में मिक्स होकर आपूर्ति हो रहा है। निवासियों के अनुसार, बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग सुध नहीं ले रहा है। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/19/ अप्रैल /2026