क्षेत्रीय
19-Apr-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। शहर की सडक़ों पर मनमानी करने वाले ऑटो चालकों पर अब सीधा और सख्त एक्शन शुरू हो गया है। यातायात पुलिस ने साफ संकेत दिया है—नियमों से बाहर चलने वालों के लिए अब कोई ढील नहीं। दो दिनों में 200 से ज्यादा और पूरे अप्रैल में 516 ऑटो चालकों पर कार्रवाई ने तस्वीर साफ कर दी है। यातायात पुलिस लगातार अभियान चलाकर ऑटो चालकों की जांच कर रही है। शहर में ट्रैफिक को सुगम और सुरक्षित रखने के लिए हर प्रमुख मार्ग और चौक पर निगरानी बढ़ाई गई है। आईटीएमएस और एम-परिवहन पोर्टल के जरिए भी नियम तोडऩे वालों पर नजर रखी जा रही है। ऑटो चालकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए यूनिफॉर्म पहनना अब अनिवार्य कर दिया गया है। चालकों की मांग पर 7 दिन का समय दिया गया है। इसके बाद बिना यूनिफॉर्म सडक़ पर उतरने वालों पर सीधी कार्रवाई होगी। यातायात पुलिस की बैठकों में लगातार यह सामने आया कि कई ऑटो चालक नियमों की अनदेखी करते हैं। कुछ मामलों में शराब या नशे की हालत में वाहन चलाना, यात्रियों से विवाद और गैर-जिम्मेदार व्यवहार भी सामने आया। ऐसे हालात में यूनिफॉर्म व्यवस्था से न सिर्फ पहचान आसान होगी, बल्कि संदिग्ध गतिविधियों पर भी तुरंत नजर रखी जा सकेगी। पुलिस ने दो टूक कर दिया है—अगर कोई ऑटो चालक शराब या नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया, तो मोटर व्हीकल एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज होगा और सीधे कोर्ट भेजा जाएगा। जरूरत पडऩे पर आपराधिक प्रकरण भी जोड़े जाएंगे। अप्रैल महीने में अब तक 516 उल्लंघनकर्ता ऑटो चालकों पर कार्रवाई हो चुकी है, जबकि पिछले दो दिनों में ही 200 से ज्यादा चालकों पर शिकंजा कसा गया। ऑटो शहर का सबसे सुलभ परिवहन साधन है। ऐसे में महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता में रखा गया है। पुलिस ने चालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या दुव्र्यवहार बर्दाश्त नहीं होगा। - मनोज राज 19 अप्रैल 2026