श्योपुर (ईएमएस)। जिले के कराहल थाना क्षेत्र के ग्राम सिलपुरी में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। बताया गया कि विवाद के बाद मारपीट के डर से वह बिजली के पोल पर चढ़ा था। परिजनों ने युवक की मौत का कारण मारपीट बताया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सिलपुरी गांव की आदिवासी बस्ती में एक शादी समारोह में नाचने की बात को लेकर राकेश जाट (पुत्र दौलत जाट) का कुछ लोगों से विवाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आदिवासी समाज के कुछ लोगों ने राकेश के साथ मारपीट की। खुद को बचाने के लिए राकेश पास ही स्थित बिजली के पोल पर चढ़ गया। पोल पर चढ़ने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राकेश के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसकी मौत केवल करंट लगने से नहीं, बल्कि पहले हुई मारपीट के कारण हुई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है |