क्षेत्रीय
19-Apr-2026
...


गुना (ईएमएस)। शहर के भुल्लनपुरा इलाके में रविवार को सड़क निर्माण कार्य को लेकर रहवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। वार्ड क्रमांक 22 और 24 के लोगों ने गली के मुहाने पर कथित अतिक्रमण हटाए बिना सीसी सड़क बनाए जाने के विरोध में चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए प्रदर्शन से क्षेत्र में कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। रहवासियों का कहना था कि गली के प्रवेश द्वार पर टीन शेड और पत्थरों से बना अस्थायी ढांचा रास्ते को संकरा कर रहा है। ऐसे में चारपहिया वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली अंदर नहीं जा पाते, जिससे आए दिन परेशानी और नुकसान की स्थिति बनती है। उनका आरोप था कि संबंधित मकान मालिक को कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया, यहां तक कि सड़क बनने से पहले हटाने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन अब निर्माण कार्य मुहाने तक पहुंचने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस बल और तहसीलदार मयंक तिवारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर जाम खुलवाया। इसके बाद तहसीलदार ने रहवासियों से चर्चा कर उनकी शिकायतें सुनीं। लोगों ने मांग की कि पहले जमीन की नाप-जोख और दस्तावेजों की जांच कर अतिक्रमण हटाया जाए, उसके बाद ही सड़क निर्माण किया जाए। मौके पर पहुंची नगर पालिका टीम ने संबंधित मकान मालिक से कागजात मांगे, लेकिन वे तत्काल दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अब नोटिस जारी कर दस्तावेज मंगवाए जाएंगे और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विवाद को देखते हुए सड़क निर्माण कार्य को रोक दिया गया है। इस दौरान रहवासियों ने क्षेत्र में नाले के अभाव और बारिश के समय घरों में पानी भरने की समस्या भी उठाई। साथ ही बार-बार बिजली कटौती की शिकायत भी प्रशासन के सामने रखी गई। तहसीलदार ने इन समस्याओं पर भी शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। वहीं, जिस मकान को अतिक्रमण बताया जा रहा है, उसके मालिक का दावा है कि यह उनकी पुश्तैनी जमीन है और वे किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। अब पूरे मामले में प्रशासन की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। - सीताराम नाटानी