क्षेत्रीय
19-Apr-2026
...


गुना (ईएमएस)। शहर में सकल ब्राह्मण समाज द्वारा भगवान परशुराम का जन्मोत्सव पूरे उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। दिनभर चले धार्मिक आयोजनों और शोभायात्रा में समाज के लोगों के साथ विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत लाल परेड रोड स्थित भगवान परशुराम चौराहे पर पूजा-अर्चना और माल्यार्पण से हुई, जहां उपस्थित जनप्रतिनिधियों और समाजजनों ने आराध्य के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों को स्मरण किया। इसके बाद पुरानी गल्ला मंडी क्षेत्र से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। बैंड-बाजों की धुन और जयकारों के बीच निकली यात्रा में सबसे आगे घुड़सवार धर्म ध्वज लेकर चल रहे थे। उनके पीछे समाज के युवक-युवतियां और वरिष्ठजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। यात्रा में शामिल एक रथ से फूलों की पंखुड़ियां और रंगीन पन्नियों की वर्षा की गई, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। महिलाओं ने भजन-कीर्तन करते हुए श्रद्धा का भाव व्यक्त किया, वहीं भगवान परशुराम के चित्र से सुसज्जित रथ आकर्षण का केंद्र बना रहा। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—तेलघानी चौराहा, हनुमान चौराहा, हाट रोड, निचला बाजार, सदर बाजार और लक्ष्मीगंज से होती हुई दुबे कॉलोनी स्थित श्री विघ्नहरण बालाजी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों द्वारा स्वागत मंच लगाकर यात्रा का अभिनंदन किया गया और श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर शुभकामनाएं दीं। मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के पदाधिकारियों और वरिष्ठजनों ने आहुतियां दीं। इसके बाद आयोजित मंचीय कार्यक्रम में संत अनिरुद्धवन ने अपने प्रवचन में समाज को एकजुट रहने और भगवान परशुराम के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान समाज के पदाधिकारियों ने भी विचार व्यक्त किए और सभी को जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। अंत में सामूहिक भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन ने शहर में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दिया। - सीताराम नाटानी