रायपुर (ईएमएस) । प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि सरकार जहां एक ओर तीन माह का चावल वितरण करने का प्रचार कर रही है, वहीं दूसरी ओर राशन दुकानों में आम लोगों को पर्याप्त अनाज नहीं मिल पा रहा है। वर्मा के अनुसार, राशन दुकानों में पर्याप्त स्टॉक नहीं पहुंचने के कारण लोग घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौट रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जरूरत के मुकाबले अभी तक करीब 30 प्रतिशत चावल ही दुकानों तक पहुंच पाया है, जिससे वितरण प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि केवाईसी के नाम पर करीब 31 लाख उपभोक्ताओं के राशन कार्ड काट दिए गए हैं, जिससे गरीब परिवारों को परेशानी हो रही है। वर्मा ने कहा कि पिछले पांच महीनों से नियमित रूप से राशन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जबकि सरकार एकमुश्त तीन महीने का चावल देने की बात कर रही है। उन्होंने पीडीएस व्यवस्था में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि स्टॉक का भौतिक सत्यापन नहीं हो रहा है और सहकारी समितियों व उपभोक्ता दुकानों में गड़बड़ियां हो रही हैं। साथ ही, उन्होंने राशन के दुरुपयोग और अन्य राज्यों में भेजे जाने जैसे आरोप भी लगाए। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/19 अप्रैल 2026