रायपुर (ईएमएस) । भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस और विपक्ष के विरोध के खिलाफ 20 अप्रैल को राजधानी रायपुर में जन आक्रोश यात्रा निकाली जाएगी। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। यह यात्रा दोपहर 3 बजे बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम तक जाएगी, जहां एक सभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में महिला सांसदों, मंत्रियों, विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रहने की बात कही गई है। यात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने पार्टी कार्यालय में बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की। इसके बाद नेताओं ने सभा स्थल का निरीक्षण भी किया। विभा अवस्थी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने पर प्रदेश की महिलाओं में आक्रोश है, जिसे जन आक्रोश यात्रा के माध्यम से व्यक्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद 23 और 24 अप्रैल को प्रदेशभर में महिला सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जबकि 26 और 27 अप्रैल को मंडल स्तर पर पुतला दहन कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/19 अप्रैल 2026