कपास से भरा ट्रक पलटने पर घायल चालक को पहुँचाया अस्पताल भोपाल (ईएमएस)। खरगोन जिले के थाना भीकनगाँव क्षेत्र में डायल-112 जवानों की तत्पर एवं संवेदनशील कार्रवाई से कपास से भरे ट्रक के अनियंत्रित होकर पलटने से घायल चालक को समय पर अस्पताल पहुँचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया। इस त्वरित कार्रवाई से घायल को शीघ्र चिकित्सकीय सहायता मिल सकी। 17 अप्रैल को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना भीकनगाँव क्षेत्र अंतर्गत साईंखेड़ी में कपास से भरा एक ट्रक पलट गया है, जिसमें चालक घायल हो गया है। तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही भीकनगाँव थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुँचकर डायल-112 स्टाफ आरक्षक राजेश सोनवानी एवं पायलट अजय कन्नौज ने पाया कि कपास से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें चालक घायल हो गया। डायल-112 जवानों ने तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घायल चालक को तत्काल एफआरव्ही वाहन से शासकीय अस्पताल, भीकनगाँव पहुँचाया। डायल-112 की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से घायल को समय पर उपचार उपलब्ध हो सका। डायल-112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना दर्शाती है कि मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा आपात परिस्थितियों में आमजन की सहायता हेतु सदैव सजग, संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। हरि प्रसाद पाल / 19 अप्रैल, 2026