क्षेत्रीय
19-Apr-2026
...


रायपुर (ईएमएस) । बिलासपुर में “बादाम खिलाने के बाद फाइल मिलने” की घटना पर प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि जनता को अब मंत्रियों को बादाम खिलाकर उन्हें मोदी गारंटी की याद दिलानी चाहिए। ठाकुर ने आरोप लगाया कि ढाई साल के कार्यकाल में मंत्री जनता से किए गए वादों को भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी गारंटी के तहत एक लाख सरकारी नौकरियां, 57 हजार शिक्षकों की भर्ती, महिला स्व-सहायता समूहों को रेडी-टू-ईट का काम, 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर, पांच लाख अनियमित कर्मचारियों का नियमितीकरण, कॉलेज छात्रों के लिए नि:शुल्क बस सेवा और महतारी वंदन योजना सहित कई वादे किए गए थे, जिन पर अब तक अपेक्षित प्रगति नहीं दिख रही है। कांग्रेस प्रवक्ता ने प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आम जनता को अपने काम के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि फाइलें खोजने के लिए अधिकारियों को “बादाम” खिलाने की नौबत आ रही है, जिससे व्यवस्था की स्थिति स्पष्ट होती है। ठाकुर ने कहा कि मंत्रियों का जनता के प्रति उदासीन रवैया लोगों की परेशानियां बढ़ा रहा है और हर विभाग में काम कराने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार के पास अपने वादों को पूरा करने के लिए सीमित समय बचा है और यदि ऐसा नहीं हुआ तो जनता इसका जवाब देगी। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/19 अप्रैल 2026