हाथरस (ईएमएस)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. पवन कुमार भी मौजूद रहे।सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कौमरी (खिटौली), सासनी का निरीक्षण किया। यहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद माहैर सहित अन्य स्टाफ उपस्थित मिला। अस्पताल में साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई और लेबर रूम भी व्यवस्थित मिला। केन्द्र पर 5 बेड उपलब्ध थे तथा गर्मी को देखते हुए कूलर और पंखे चालू हालत में पाए गए। आवश्यक दवाओं की सूची के अनुसार 195 के सापेक्ष 182 दवाएं उपलब्ध मिलीं। सीएमओ ने फार्मासिस्ट को सभी दवाएं मानक के अनुसार पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण तक 13 मरीजों का उपचार किया जा चुका था और ब्लड प्रेशर, शुगर, मलेरिया व डेंगू की जांच की जा रही थी।इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बसई काजी, सासनी का निरीक्षण किया गया। यहां भी साफ-सफाई संतोषजनक मिली और 6 बेड साफ चादरों के साथ उपलब्ध पाए गए। पेयजल व्यवस्था और कूलर-पंखे सुचारू मिले। दवाओं की उपलब्धता 195 के सापेक्ष 165 पाई गई, जिस पर सीएमओ ने कमी पूरी करने के निर्देश दिए। मेले में 22 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें ब्लड प्रेशर, शुगर और बुखार के मरीजों की जांच भी की गई।निरीक्षण के बाद ग्राम बसई काजी में ग्रामीणों से जनसंपर्क किया गया। ग्रामीणों ने गांव में नियमित सफाई की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को संचारी रोगों से बचाव के लिए घरों के आसपास साफ-सफाई रखने, कूलर और फ्रिज की ट्रे की नियमित सफाई करने तथा पानी जमा न होने देने की सलाह दी। किसी भी आपात स्थिति में 108 एम्बुलेंस सेवा का उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया गया। ईएमएस / 19/04/2026