क्षेत्रीय
19-Apr-2026
...


मृतक चालक का शव वाहन में फंसा, कड़ी मशक्कत से निकाला गया घायलों की हालत नाजुक, जिला अस्पताल में उपचार जारी बालाघाट (ईएमएस). जिले के वारासिवनी क्षेत्र में रविवार सुबह हुए भीषण सडक़ हादसे ने सनसनी फैला दी। सीएम राइज स्कूल के पास तेज रफ्तार बोलेरो और कार की जोरदार टक्कर में बोलेरो चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हादसे में बोलेरो चालक जितेंद्र बावने 24 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ओम पटले और प्रफुल्ल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5.15 बजे मलाजखंड के सायल गांव निवासी धरमवीर गौतम अपनी पत्नी मेघा गौतम और 3 वर्षीय पुत्र रूद्रांश के साथ कार क्रमांक एमपी 09 एमएम 2452 से बालाघाट से नागपुर-वर्धा की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार वारासिवनी स्थित सीएम राइज स्कूल के समीप स्पीड ब्रेकर के पास पहुंची और चालक ने वाहन की रफ्तार धीमी की, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित बोलेरो क्रमांक एमपी 50 जेडबी 3654 ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। करीब 100 मीटर घसीटते गई बोलेरो टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ से करीब 100 मीटर दूर जा गिरा। हादसे में बोलेरो चालक जितेंद्र बावने (24) निवासी सिहोरा, बालाघाट की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के दौरान वाहन के परखच्चे उड़ गए और चालक का शव अंदर ही बुरी तरह फंस गया। वहीं, बोलेरो में सवार दो अन्य युवक ओम पटले और प्रफुल्ल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। शव निकालने में हुई परेशानी घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और वारासिवनी पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी पवन सिंह यादव ने पुलिस बल के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद मृतक के शव को वाहन से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आबकारी विभाग में संलग्न है बोलेरो वाहन स्थानीय सूत्रों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो वाहन आबकारी विभाग से संबंधित बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और वाहन के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी पवन सिंह यादव ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। क्षतिग्रस्त वाहनों को जप्त कर विस्तृत विवेचना शुरू कर दी गई है। इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। भानेश साकुरे / 19 अप्रैल 2026