क्षेत्रीय
19-Apr-2026
...


पुलिस ने मौके पर ही वाहन सहित रेत किया जब्त बालाघाट (ईएमएस). जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में लांजी थाना पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों और अवैध रेत परिवहन के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। 18-19 अप्रैल की दरमियानी रात लांजी थाना पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति नीले रंग के पावरटेक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रेत का परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम टेमनी में घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान बोलेगांव की ओर से आ रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने हमराह स्टाफ की मदद से दोनों वाहनों को रोक लिया। जांच के दौरान दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रेत भरी मिली। चालकों से रॉयल्टी संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम तोमेंद्र उर्फ साहिल सिंह पिता लोटन सिंह सोलंकी 21 वर्ष एवं नवीन सिंह पिता नत्थू सिंह चंदेल 23 वर्ष दोनों निवासी ग्राम टेमनी थाना लांजी, जिला बालाघाट बताया। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी 50 जेडबी 3042 व एमपी 50 एए 2404 को जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस एवं 4/21 खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। भानेश साकुरे / 19 अप्रैल 2026