क्षेत्रीय
19-Apr-2026
...


श्रमिकों की गरिमा बनाए रखने प्रशासन ने दिया भरोसा बालाघाट (ईएमएस). जिले के बैहर क्षेत्र में चालक के साथ हुए कथित अन्याय के विरोध में प्रस्तावित हड़ताल को संगठन और प्रशासन के बीच सहमति बनने के बाद स्थगित कर दिया गया है। भारतीय मजदूर संघ एवं चालक-परिचालक संघ के नेतृत्व में उठाए गए मुद्दों पर पुलिस प्रशासन ने सकारात्मक रुख अपनाया है। जानकारी के अनुसार, बैहर में चालक कमलेश वाहने के साथ हुए कथित अन्याय को लेकर भारतीय मजदूर संघ और चालक-परिचालक संघ द्वारा आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। इसी क्रम में 22 अप्रैल को हड़ताल प्रस्तावित थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा संगठन के प्रतिनिधियों को चर्चा के लिए बुलाया गया। वार्ता के दौरान कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी, जिसमें चालक पर दर्ज प्रकरण वापस लेने, भविष्य में वर्दी के दुरुपयोग को रोकने तथा श्रमिकों की गरिमा बनाए रखने का आश्वासन शामिल है। प्रशासन के इस सकारात्मक रुख के बाद संगठन ने 22 अप्रैल की प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया है। साथ ही सभी चालक-परिचालकों से नियमित रूप से कार्य पर लौटने की अपील की गई है। जिलाध्यक्ष योगेश यादव ने कहा कि यह निर्णय मजदूर एकता की जीत है। उन्होंने बताया कि संगठन हमेशा श्रमिकों के अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष करता रहेगा। इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो गई है और परिवहन सेवाएं सुचारू रूप से जारी रहने की उम्मीद है। भानेश साकुरे / 19 अप्रैल 2026