खाद्य सुरक्षा अधिकारी को दी धमकी भाजपा नेता के ऑडियो से गरमाया माहौल बालाघाट (ईएमएस). जिले में राइस मिल निरीक्षण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एक ओर राइस मिलर्स एसोसिएशन ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी पर रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा नेता का कथित धमकी भरा ऑडियो सामने आने से मामला और तूल पकड़ गया है। हालांकि, जबलपुर एक्सप्रेस इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। जानकारी के अनुसार, राइस मिलर्स एसोसिएशन ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज विश्वकर्मा पर आरोप लगाया है कि वे शनिवार को एक बाहरी व्यक्ति के साथ मिलों में पहुंचे और जांच के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग की। मिलर्स का कहना है कि यह कार्रवाई नियमों के बजाय दबाव बनाकर वसूली करने की मंशा से की जा रही थी। हालांकि, खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज विश्वकर्मा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया है। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर से कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ऑडियो इसी बीच, स्वयं को भाजपा कोषाध्यक्ष बता रहे राजेश गोस्वामी का एक ऑडियो रविवार को सामने आया है, जो कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वे अधिकारी से तीखे और कथित तौर पर धमकी भरे लहजे में बात करते सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो में वे कहते हैं, लालबर्रा में आना नहीं, लालबर्रा हमारा है, आप बात समझ लो, स्पष्ट लाइन में। ऑडियो के अन्य हिस्सों में गोस्वामी अधिकारी पर किराना दुकानदारों से 5-10 हजार रुपये वसूली करने और सैंपल के नाम पर सामान ले जाने के आरोप लगाते हुए उन्हें कलेक्टर के सामने पेश कर सस्पेंड कराने की चेतावनी देते सुनाई दे रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली, जांच की पारदर्शिता और राजनीतिक हस्तक्षेप को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ मिलर्स रिश्वतखोरी के आरोप लगा रहे हैं, तो दूसरी ओर अधिकारी दबाव और धमकी की बात कर रहे हैं। फिलहाल, मामला तूल पकड़ चुका है और अब सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई और संभावित जांच पर टिकी हुई है। भानेश साकुरे / 19 अप्रैल 2026