क्षेत्रीय
19-Apr-2026
...


स्कूल वाहनों की जांच, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर लगाए गए रेडियम रिफ्लेक्टर, विदिशा में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान तेज* सिरोंज (ईएमएस)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं एसडीओपी सिरोंज सुश्री सोनू डाबर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिरोंज श्री विमलेश कुमार राय एवं यातायात प्रभारी रितेश वागेला द्वारा संयुक्त रूप से विशेष जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। *सड़क सुरक्षा हेतु बुनियादी सुधार कार्य:* यातायात पुलिस द्वारा MPRDC के सहयोग से रोहिलपुरा–पामाखेड़ी तिराहे पर साइन बोर्ड एवं रोड स्टड स्थापित कराए गए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। *स्कूल वाहनों की सघन चेकिंग:* अभियान के दौरान स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूल बसों एवं वैनों की गहन जांच की गई। फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट एवं सुरक्षा मानकों (प्राथमिक उपचार किट, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन खिड़की) का निरीक्षण किया गया तथा वाहन चालकों को क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाने के निर्देश दिए गए। *ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रेडियम एवं जनजागरूकता:* मंडी क्षेत्र में किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए गए। पुलिस द्वारा किसानों एवं ट्रॉली निर्माताओं से अपील की गई कि वे ट्रॉलियों पर अनिवार्य रूप से रेडियम पट्टी लगवाएं, जिससे रात्रिकाल में वाहन दूर से दिखाई दें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। *नाबालिग चालकों पर सख्ती:* वाहन चलाते पाए गए नाबालिगों के परिजनों को मौके पर बुलाकर समझाइश दी गई तथा भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति न करने की सख्त चेतावनी दी गई। *चालानी कार्रवाई:* अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 20 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल ₹9300 का शमन शुल्क वसूला गया। *जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी:* यातायात प्रभारी द्वारा आम नागरिकों को शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं—राह-वीर योजना, कैशलेस उपचार योजना एवं हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर योजना—के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया गया। ईएमएस/मोहने/ 19 अप्रैल 2026