- सेंसेक्स 100 से ज्यादा अंक चढ़ा, निफ्टी 24400 के नीचे मुंबई (ईएमएस)। एशियाई बाजारों में देखी जा रही बढ़त के बीच सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सपाट शुरुआत की। हालांकि, शुरुआती सुस्ती के बाद बाजार में थोड़ी रिकवरी दर्ज की गई। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बावजूद, बैंकिंग सेक्टर में निवेशकों की खरीदारी ने बाजार को मजबूती प्रदान की। सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने जहां सपाट शुरुआत की, वहीं जल्द ही इसमें सुधार देखने को मिला। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 78,632 अंक पर खुला, जबकि शुक्रवार को यह 78,493.54 पर बंद हुआ था। सुबह 9:30 बजे तक, सेंसेक्स 166.31 अंक की बढ़त के साथ 78,659.85 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सोमवार को 24,391.50 पर खुला और सुबह 9:32 बजे तक 13.35 अंक की मामूली बढ़त के साथ 24,393 पर ट्रेड कर रहा था। बाजार को यह शुरुआती समर्थन मुख्य रूप से बैंकिंग शेयरों में हुई खरीदारी से मिल रहा है। हालांकि, पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने निवेशकों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। ताजा घटनाक्रम में, ओमान की खाड़ी में अमेरिकी नौसेना द्वारा ईरान के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज को जब्त किए जाने के बाद क्षेत्र में तनाव फिर से बढ़ गया है। इससे पहले भी ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजर रहे वाणिज्यिक जहाजों पर गोलीबारी की थी, जो वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग है। इन वैश्विक और क्षेत्रीय अनिश्चितताओं के बावजूद, घरेलू बाजार में चुनिंदा क्षेत्रों में खरीदारी का रुझान बरकरार रहा, जिसने प्रमुख सूचकांकों को शुरुआती बढ़त दिलाने में मदद की। सतीश मोरे/20अप्रैल ---