रायगढ़ (ईएमएस)। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दादा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ है। जानकारी के अनुसार, ग्राम कृष्णापुर निवासी ममता तिर्की (14) अपने दादा पितरोस तिर्की के साथ भगवानपुर स्थित राशन सोसायटी से चावल लेकर स्कूटी से घर लौट रही थी। जैसे ही वे सीएमओ तिराहा के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ममता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दादा गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकेबंदी कर तलाश शुरू की और लाखा क्षेत्र के पास दुर्घटनाकारी ट्रेलर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 अप्रैल 2026