क्षेत्रीय
20-Apr-2026
...


जशपुर (ईएमएस)। जिले में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां छोटे साले और भाभी ने मिलकर जीजा की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना कोतबा चौकी क्षेत्र के ग्राम फरसाटोली की है। मृतक की पहचान मुरली राम यादव (40) के रूप में हुई है, जिसने गांव की ही सोनिया यादव से प्रेम विवाह किया था। जानकारी के अनुसार, 30 मार्च को बेटे के जन्मदिन के कार्यक्रम के दौरान रात करीब 11 बजे मुरली राम शराब के नशे में पत्नी के मायके पहुंच गया। यहां उसका छोटे साले शिवकुमार यादव (35) और बड़े साले की पत्नी मिथिला यादव (37) से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने मुरली राम को जमीन पर पटककर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। आरोप है कि मिथिला यादव ने डंडे से भी हमला किया। घायल मुरली किसी तरह घर पहुंचा, लेकिन अगले दिन उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे सीएचसी कोतबा में भर्ती कराया, जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए ओडिशा के सुंदरगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान 4 अप्रैल को उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीने में गंभीर चोट को मौत का कारण बताया गया है। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 अप्रैल 2026