जशपुर(ईएमएस)। जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत पुलिस ने कांसाबेल थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक से ले जाए जा रहे 38 मवेशियों को मुक्त कराया है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस को सुबह करीब 4:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी संख्या में मवेशियों को भरकर नेशनल हाईवे-43 से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बेला घाट में नाकेबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भगा ले गया। पुलिस ने पीछा किया तो चालक ग्राम नारायण बहली के पास ट्रक सड़क किनारे छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। तलाशी के दौरान ट्रक की ट्रॉली को त्रिपाल से ढंका हुआ पाया गया। त्रिपाल हटाने पर उसमें 38 मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा हुआ मिला। पुलिस ने सभी मवेशियों को सकुशल बरामद कर पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर लिया है। इस मामले में थाना कांसाबेल में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 अप्रैल 2026