क्षेत्रीय
20-Apr-2026


नवी मुंबई, (ईएमएस)। पनवेल रेलवे स्टेशन पर सोमवार दिनांक 20 अप्रैल को सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर लगी लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई। इस हादसे के बाद स्टेशन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। लिफ्ट में फंसे चार यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और आपातकालीन टीम मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू किया। त्वरित कार्रवाई के चलते सभी यात्रियों को बिना किसी नुकसान के बाहर निकालने में सफलता मिली। गनीमत रही कि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ। हालांकि, हादसे के बाद यात्रियों में डर का माहौल देखा गया। फिलहाल, लिफ्ट गिरने के पीछे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। यह तकनीकी खराबी थी या रखरखाव में लापरवाही-इस पहलू की गहन जांच की जा रही है। बहरहाल इस घटना के बाद रेलवे स्टेशनों पर लिफ्ट और अन्य सुविधाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। संजय/संतोष झा-२० अप्रैल/२०२६/ईएमएस