इन्दौर (ईएमएस) पुलिस हिरासत में युवक की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद चौकी प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया है। मामला इन्दौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित भागीरथपुरा पुलिस चौकी का है। जहां चौकी में हिरासत के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान रामजी सहयोग नहीं कर रहा था। इसी बीच उसने प्यास लगने की बात कही और पानी पीने के लिए गया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं जब पूछा तो उसने बताया कि उसने डर के कारण पानी के साथ बाथरूम में रखा टॉयलेट क्लीनर पी लिया। पुलिस उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। टीआई सियाराम गुर्जर के अनुसार, मृतक पर पहले से चोरी और आबकारी एक्ट के तीन मामले दर्ज थे। मामले में डीसीपी जोन क्रमांक 3 राजेश व्यास के अनुसार बाइक चोरी के मामले में रामजी पिता रमेश चंद्र झा उम्र पैंतालीस वर्ष निवासी कुशवाहा नगर को पूछताछ के लिए शनिवार को चौकी पर लाया गया था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी, इस दौरान रविवार को दोपहर में वह पानी पीने के बहाने गया और टायलेट क्लीनर पी लिया। इससे उसकी मौत हो गई। डीसीपी राजेश व्यास के अनुसार कस्टोडियल डेथ के इस मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं मामले में पुलिस चौकी प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया है और जो भी अधिकारी इसके जिम्मेदार हैं उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। आनंद पुरोहित/ 20 अप्रैल 2026