जयपुर (ईएमएस)। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियमÓ को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। जयपुर में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा के जन-आक्रोश महिला सम्मेलन में उन्होंने कहा कि लोकसभा में कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों द्वारा महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करना देश की नारीशक्ति के अधिकारों के साथ अन्याय है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने प्रदेशभर से आई महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह कदम महिलाओं के सशक्तिकरण के खिलाफ है और उनकी प्रगति में बाधा डालने वाला है। उन्होंने कहा कि देश की जागरूक महिलाएं इस मुद्दे को याद रखेंगी और आने वाले चुनावों में इसका जवाब देंगी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने महिलाओं के साथ मिलकर आक्रोश रैली में भी हिस्सा लिया। सम्मेलन में महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री मंजू बाघमार, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अलका मूंदड़ा और सरिता गैना, प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल तथा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ सहित बड़ी संख्या में महिला जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं। अशोक शर्मा/ 5 बजे/ 20 अप्रेल 2026