अंबिकापुर(ईएमएस)। शहर के मणिपुर इलाके से लगभग एक सप्ताह पहले लापता हुई नाबालिग किशोरी को पुलिस ने जम्मू के विजयपुर इलाके से सुरक्षित बरामद कर लिया है। किशोरी को शादी का झांसा देकर भगाने और दुष्कर्म करने वाले आरोपी अजय शंकर तिवारी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी की मां ने मणिपुर चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी अजय शंकर तिवारी पहले मणिपुर इलाके में ही किराए पर रहकर मजदूरी करता था। इसी दौरान उसकी जान-पहचान किशोरी के परिवार से हुई थी। आरोपी ने किशोरी को बहला-फुसलाकर पहले ट्रेन से दिल्ली और फिर दिल्ली से जम्मू ले गया। वहां विजयपुर इलाके में एक किराए के कमरे में उसे रखा था। अंबिकापुर पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जम्मू पहुंचकर दबिश दी और आरोपी के कब्जे से किशोरी को मुक्त कराया। आरोपी अजय शंकर तिवारी के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अंबिकापुर लाकर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 अप्रैल 2026