20-Apr-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिले की साइबर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 128 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन ट्रैक कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 25 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह की मौजूदगी में मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए गए। लंबे समय बाद अपना फोन वापस पाकर कई लोग भावुक नजर आए, वहीं कुछ लोगों ने तो इसकी उम्मीद तक छोड़ दी थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मोबाइल रिकवरी केवल किस्मत का खेल नहीं है, बल्कि समय पर की गई शिकायत और तकनीकी ट्रैकिंग पर निर्भर करती है। साइबर थाना की टीम लगातार ऐसे मामलों की मॉनिटरिंग कर रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। इस पूरी कार्रवाई में रायगढ़ पुलिस ने भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल का उपयोग किया। जैसे ही किसी व्यक्ति ने अपने गुम मोबाइल की जानकारी पोर्टल पर दर्ज की, उससे जुड़ी सिम तत्काल ब्लॉक कर दी गई। इसके बाद टेलीकॉम कंपनियों की मदद से मोबाइल की गतिविधियों पर नजर रखी गई। जैसे ही मोबाइल में नया सिम डालकर उसे चालू किया गया, उसकी लोकेशन ट्रेस हो गई और पुलिस ने कार्रवाई कर उसे बरामद कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि कई मोबाइल बिहार और कोलकाता जैसे अन्य राज्यों में उपयोग हो रहे थे। बरामद मोबाइलों में वीवो, ओप्पो, रेडमी, पोको, रियलमी, वनप्लस, सैमसंग और मोटोरोला जैसे ब्रांड शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मोबाइल की कीमत से ज्यादा अहम उसमें मौजूद बैंकिंग ऐप्स, निजी फोटो, दस्तावेज और अन्य डिजिटल डेटा होता है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 अप्रैल 2026