20-Apr-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। अग्र सेवा सोसायटी की उप-समिति अग्र सेवा गौशाला (निर्माणाधीन), ग्राम तर्रा में आयोजित आमसभा एजेंडा अनुसार सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के पदाधिकारियों एवं गौशाला निर्माण में सहयोग देने वाले दानदाताओं के करकमलों से दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। बैठक में गौशाला के समग्र विकास, गोकुल नगर गोठान के संचालन, तथा अग्र सेवा की जनसेवाओं के विस्तार और नई योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान गौशाला परिसर में सोलर सिस्टम के अधिकतम उपयोग और डायलिसिस पीड़ित मरीजों के लिए सेवा केंद्र शुरू करने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। पर्यावरण संरक्षण और गौमाताओं को स्वच्छ व शीतल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “बुजुर्गों के नाम एक पेड़” प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके तहत सभी सदस्य अपने पूर्वजों के नाम पर कम से कम दो पौधे गौशाला परिसर में रोपित करेंगे। गौसेवा के साथ अन्य जीवों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए परिसर में “बर्ड्स टावर” (पक्षी आश्रय) के निर्माण की जानकारी भी दी गई, जिसमें पक्षियों के लिए सुरक्षित आश्रय और दाना-पानी की व्यवस्था की जाएगी। इसका निर्माण कार्य वर्तमान में जारी है। बैठक के बाद पूर्ण रूप से निर्मित शेड क्रमांक-1 का उद्घाटन दानदाता अशोक अग्रवाल (नंदन स्टील) द्वारा उनके परिजनों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। उद्घाटन उपरांत 51 गौमाताओं का नए शेड में मंगल प्रवेश कराया गया। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने पूजन-अर्चन कर गौमाताओं को चारा और भोजन अर्पित किया। इसी क्रम में गौशाला परिसर में बने चारागृह गोदाम का उद्घाटन दानदाता सुरेश गोयल खेदड़िया के करकमलों से सम्पन्न हुआ। संस्था अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल ने बताया कि निकट भविष्य में गौमाताओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त और शेड तैयार किए जा रहे हैं, जिससे यह गौशाला असहाय, लावारिस और वृद्ध गौमाताओं के लिए सुरक्षित आश्रय स्थल के रूप में विकसित होगी।इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, एवं बड़ी संख्या में गौभक्त उपस्थित रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 अप्रैल 2026