मुंबई, (ईएमएस)। मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे को जोड़ने वाला दादर रेलवे स्टेशन आने वाले समय में बड़े बदलाव से गुजरने वाला है। यहां भीड़ के दबाव को कम करने के लिए एक नया प्लेटफॉर्म बनाने की योजना तैयार की गई है। यह प्रोजेक्ट पांचवीं और छठी लाइन (कॉरिडोर) के विस्तार का अहम हिस्सा माना जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस नए प्लेटफॉर्म के बनने से लोकल ट्रेनों के संचालन में काफी सुधार होगा। खासकर पीक ऑवर में ज्यादा से ज्यादा लोकल ट्रेनें चलाना संभव हो सकेगा, जिससे यात्रियों की भीड़ को बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा। फिलहाल दादर स्टेशन पर मध्य और पश्चिम रेलवे की ट्रेनों के संचालन के दौरान कई बार तकनीकी दिक्कतें सामने आती हैं। नए प्लेटफॉर्म के तैयार होने से इन समस्याओं में कमी आएगी और ट्रेनों का मैनेजमेंट अधिक सुचारू हो जाएगा। इस परियोजना से उपनगरीय ट्रेनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होगी। ट्रेनों की कोंडी (जाम) कम होगी और लोकल सेवाओं की समयपालन (पंक्चुअलिटी) में भी सुधार देखने को मिलेगा। बताया जा रहा है कि प्रोजेक्ट के लिए पश्चिम दिशा में भूसंपादन का काम शुरू हो चुका है। दलवी नगर क्षेत्र में 46 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं, जिनके निवासियों को नोटिस जारी किए गए हैं। अधिकांश मामलों को पुनर्वास योजना के जरिए सुलझाया जा रहा है और कई अवैध निर्माण पहले ही हटाए जा चुके हैं। नए प्लेटफॉर्म के निर्माण के बाद स्टेशन की मौजूदा संरचना में भी बदलाव किया जाएगा। सभी प्लेटफॉर्म के नंबर फिर से तय किए जाएंगे, जिससे यात्रियों को नई व्यवस्था के अनुसार मार्गदर्शन दिया जा सके। हालांकि, इस महत्वाकांक्षी परियोजना का काम कब शुरू होगा और इसे पूरा होने में कितना समय लगेगा, इस बारे में अभी तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। संजय/संतोष झा-२० अप्रैल/२०२६/ईएमएस