जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर केंद्रीय कारागार में सोमवार की सुबह एक विचाराधीन बंदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुड्डू उर्फ राजा पिता गुलाब विश्वकर्मा, उम्र लगभग 58 वर्ष, निवासी साई कॉलोनी, लक्ष्मीकांत मेमोरियल स्कूल के पास, थाना संजीवनीनगर, जिला जबलपुर, को पूर्व में थाना संजीवनी नगर के अपराध क्रमांक 273/2024 तथा सत्र प्रकरण क्रमांक 511/24 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में न्यायालय के आदेश पर 16 अगस्त 2024 को जेल में दाखिल किया गया था। जिसका वर्तमान में प्रकरण न्यायालय चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश जबलपुर में विचाराधीन है। सोमवार 20 अप्रैल को उक्त विचाराधीन बंदी गुडडू उर्फ राजा पिता गुलाब विश्वकर्मा द्वारा प्रातः8 बजे के लगभग अस्पताल खण्ड के वार्ड क्रमांक 3 के अंदर स्थित शौचालय में फॉसी लगा ली। उक्त घटना के बाद कारागार में हडमंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल स्टाफ मौके पर पहुंचा और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। आनन फानन जेल प्रशासन ने अस्पताल स्टाफ को तलब किया है। प्रशासन द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को केन्द्रीय जेल जबलपुर में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। - अजय पाठक / मोनिका / 20 अप्रैल 2026/ 02.11