क्षेत्रीय
20-Apr-2026
...


गुना (ईएमएस) । कोतवाली थाना क्षेत्र के बूढ़े बालाजी इलाके स्थित सुदामा कॉलोनी में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोर लाखों का सामान समेट ले गए। घटना उस समय हुई जब घर के सभी सदस्य पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे। चोरी की इस वारदात में करीब पांच लाख रुपए के जेवर, डेढ़ लाख रुपए नकद और घर में सजावट के तौर पर रखी दो तलवारें भी गायब कर दी गईं। जानकारी के अनुसार मकान मालिक हेमंत भार्गव अपने परिवार के साथ छोटे भाई की शादी में शामिल होने शनिवार से ही मैरिज गार्डन में थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे के दरवाजे और अलमारियों के ताले तोड़कर उनमें रखा कीमती सामान आराम से खंगाल लिया। चोरों ने घर के हर हिस्से को खंगाला और व्यवस्थित तरीके से नकदी व जेवर समेट लिए। हैरानी की बात यह रही कि चोर पहली मंजिल तक पहुंचे और वहां दीवार पर शो-पीस के रूप में लगी दो तलवारें भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद घर के अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने काफी समय लेकर पूरी तलाशी ली। सोमवार सुबह करीब 6 बजे पड़ोसी ने मकान का ताला टूटा देख मालिक को सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पास ही लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति सुबह करीब 4 बजे बाइक से जाते हुए नजर आया है, जिसने अपना चेहरा ढंका हुआ था। पुलिस ने फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।-सीताराम नाटानी