राष्ट्रीय
20-Apr-2026


-टीएमसी ने लगाए बीजेपी पर आरोप, वारदात के बाद से क्षेत्र में तनाव कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पहले चरण की वोटिंग से तीन दिन पहले सत्ताधारी टीएमसी के कार्यकर्ता को गोली मार दी गई है। यह वारदात रविवार रात में हुई। गोली मारने की घटना के बीजेपी पर आरोप लगे हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक बीजेपी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। इस वारदात के बाद से तनाव का माहौल है। इस वारदात को लेकर इलाके में कई तरह की बातें हो रही हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक साउथ 24 परगना के शंभुनगर ग्राम पंचायत के भूपेंद्रपुर इलाके में टीएमसी का स्थानीय चुनाव कार्यालय है। टीएमसी कार्यकर्ता दिव्येंदु गायेन रविवार को पार्टी कार्यालय में अगले दिन के चुनाव प्रचार को लेकर बैठक कर देर रात अपने घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में उनको गोली मार दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिव्येंदु गायेन बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रात के अंधरे में घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उसपर अचानक ताबड़तोड फायरिंग कर दी। बाइक चलाते हुए पहली गोली दाहिनी जांघ में लगी, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए। बाइक से गिरते ही बदमाशों ने दिव्येंदु पर कई गोलियां मारी और भाग गए। गोली की आवाज़ सुनकर स्थानीय लोग उन्हें बचाने दौड़े। उन्हें अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कोलकाता रेफकर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस वारदात के लिए टीएमसी ने बीजेपी पर आरोप लगाया है। हालांकि, बीजेपी की तरफ से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन घटना के बाद पूरे इलाके में टेंशन है। पुलिस और लोकल सोर्स का दावा है कि दिब्येंदु गायेन एक सक्रिय टीएमसी नेता है। 22 अप्रैल को गोसाबा में तृणमूल कैंडिडेट सुब्रत मंडल के सपोर्ट में एक पॉलिटिकल मीटिंग होनी है। दिब्येंदु उस मीटिंग की प्लानिंग के लिए रविवार शाम को मीटिंग में शामिल हुए थे। वहां से लौटते समय यह हमला हुआ। पुलिस जांच कर रही है कि इस घटना के पीछे कौन है और हमले की वजह क्या थी। सिराज/ईएमएस 20अप्रैल26