-आरजी कर कॉलेज में दरिंदगी की शिकार युवती की मां न्याय के लिए लड़ रही चुनाव कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की पानीहाटी विधानसभा सीट इस वक्त सिर्फ एक चुनावी मुकाबला नहीं, बल्कि इंसाफ की लड़ाई का प्रतीक बनती जा रही है। यहां बीजेपी की ओर से मैदान में उतरी उम्मीदवार सिर्फ एक राजनीतिक चेहरा नहीं हैं, बल्कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई दरिंदगी की शिकार युवती की मां हैं। उस दर्दनाक घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया था, और अब उसी पीड़ा को लेकर एक मां चुनावी मैदान में न्याय की उम्मीद के साथ उतरी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पानीहाटी की गलियों में जब यह उम्मीदवार घर-घर जाकर लोगों से समर्थन मांगती हैं, तो माहौल सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक हो जाता है। स्थानीय लोग उन्हें सिर्फ एक उम्मीदवार नहीं, बल्कि एक मां के रूप में देख रहे हैं, जो अपनी बेटी के लिए न्याय चाहती है। मीडिया रिपोर्टर से बातचीत करते हुए उनकी आंखों में आंसू झलक आए। उन्होंने बताया कि आज भी अपनी बेटी को याद करते ही उनका दर्द ताजा हो जाता है। उन्होंने साफ कहा कि जिस तरह उनकी बेटी के साथ दरिंदगी हुई और उसके बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिला, उससे वह बेहद दुखी हैं। सीएम ममता बनर्जी को लेकर भी उनका गुस्सा साफ नजर आया। उन्होंने कहा कि अब वह सीएम ममता को देखना भी नहीं चाहतीं…अगर कभी सामना हुआ तो सिर्फ विधानसभा के भीतर ही होगा। पानीहाटी की यह सीट अब सिर्फ वोटों की गणित नहीं, बल्कि भावनाओं, न्याय और राजनीतिक संदेश का बड़ा केंद्र बन चुकी है। सिराज/ईएमएस 20अप्रैल26