राष्ट्रीय
20-Apr-2026
...


-पश्चिम बंगाल में रैली के बाद पीएम मोदी दुकान में ‘झालमुड़ी’ खिलाने पहुंचे नई दिल्ली,(ईएमएस)। पीएम नरेंद्र मोदी का पश्चिम बंगाल दौरे में एक अलग ही अंदाज देखने को मिला, जिसने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं। झाड़ग्राम में सड़क किनारे दुकान पर अचानक पीएम मोदी की कार रुकी। पीएम ने कार से उतरकर दुकान से ‘झालमुड़ी’ खिलाने को कहा और अपनी सहजता से लोगों का ध्यान खींचा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चुनावी रैली के बाद अचानक दुकान पर पहुंचे पीएम ने दुकानदार से पूछा, “भाई, हमें अपना झालमुड़ी खिलाओ, कितने का होता है?” दुकानदार ने विनम्रता से जवाब दिया कि आप जितने का कहें, उतने का बना देंगे। इस पर पीएम ने अलग-अलग कीमत पूछी तो दुकानदार ने 10, 20 और 30 रुपए के विकल्प बताए। पीएम ने अपनी जेब से पैसे निकाले, जिनमें 50, 20 के दो नोट और 10 रुपए का एक नोट शामिल था यानी उनके पास कुल मिलाकर करीब 100 रुपए थे। इनमें से उन्होंने 10 रुपए का नोट निकालकर दुकानदार को दे दिया। हालांकि, दुकानदार पीएम मोदी को अपने सामने देखकर भावुक हो गया और पैसे लेने से इनकार करने लगा। उसने कहा कि “सर, आप यहां आए यही काफी है।” इस पर पीएम ने मुस्कुराते हुए कहा कि “नहीं भाई, ऐसा नहीं होता।” जब दुकानदार बार-बार संकोच करने लगा, तो पीएम ने अपने खास अंदाज में मजाक करते हुए कहा, “दिमाग नहीं खाते भाई, पैसे लो।” यह सुनकर वहां मौजूद लोग और सुरक्षाकर्मी हंस पड़े। अंततः दुकानदार ने 10 रुपए ले लिए। यह छोटा सा वाकया अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोग इसे पीएम मोदी की सादगी और आम लोगों के प्रति उनके व्यवहार का उदाहरण बता रहे हैं। वहीं, स्थानीय लोगों के बीच भी यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। झाड़ग्राम की यह छोटी सी दुकान अब खास बन गई है, जहां पीएम मोदी के इस ‘झालमुड़ी ब्रेक’ ने न केवल स्थानीय स्वाद को पहचान दिलाई, बल्कि आम जनजीवन से जुड़े रहने का संदेश भी दिया। सिराज/ईएमएस 20अप्रैल26