राज्य
20-Apr-2026


- सीनियर बनाएंगे जूनियर - ब्रिज कॉरपोरेशन से आए संविलयन कर्मचारियों को मिला लाभ भोपाल (ईएमएस)। हाई कोर्ट के हालिया फैसले ने लोकनिर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में बड़ा प्रशासनिक बदलाव ला दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि ब्रिज कॉरपोरेशन से आए संविलयन कर्मचारियों को उनकी ज्वाइनिंग डेट के आधार पर वरिष्ठता दी जाएगी। इस निर्णय के बाद विभाग में हलचल तेज हो गई है, क्योंकि अब तक कई कर्मचारी अपने बैच के आधार पर वरिष्ठ माने जा रहे थे। फैसले का सबसे बड़ा असर यह होगा कि कई मौजूदा वरिष्ठ इंजीनियरों को अपने ही जूनियर कर्मचारियों के अधीन काम करना पड़ सकता है। इससे विभागीय संरचना और पदानुक्रम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि सेवा के वर्षों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और कर्मचारियों के साथ न्याय होना जरूरी है। जानकारी के अनुसार, 1992-93 में ब्रिज कॉरपोरेशन से बड़ी संख्या में इंजीनियरों का संविलयन हुआ था, जिन्हें लंबे समय से वरिष्ठता का लाभ नहीं मिल रहा था। इस फैसले से करीब 400 से अधिक इंजीनियरों को फायदा मिलेगा। अब विभाग को नई सीनियरिटी लिस्ट तैयार करनी होगी, जिससे कई पदों पर फेरबदल तय माना जा रहा है। नंदिनी परसाई/20 अप्रैल 2026