दाहोद (ईएमएस)| जिले के भिटोड़ी हाईवे पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। सड़क पर खड़े एक कंटेनर के पीछे तेज रफ्तार कार जा घुसी, जिसमें सवार तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल फैल गया है। जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश का एक परिवार पावागढ़ स्थित माता जी के दर्शन कर कार से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान दाहोद जिले के भिटोड़ी हाईवे पर यह दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि सड़क पर खड़े कंटेनर से कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में कार में सवार तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, मृतक बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए दाहोद सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। सतीश/20 अप्रैल